Breaking

63 लाख की बीमा ठगी का भंडाफोड़: निजी बैंक का पूर्व मैनेजर गिरफ्तार

Chhattisgarh RRT News Desk 03 May 2026

post

RRT News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीमा निवेश के नाम पर 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खमतराई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक निजी बैंक के पूर्व सेल्स मैनेजर, मयूर बारमेडा, को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने साल 2014 से 2021 के बीच भनपुरी निवासी एक कारोबारी और उसके परिजनों को बेहतर रिटर्न का झांसा देकर निवेश के नाम पर लाखों रुपये के चेक लिए, लेकिन उन पैसों को पॉलिसी में जमा करने के बजाय खुद हड़प लिया।

Advertisement

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मयूर, जो साल 2008 से 2022 तक एक नामी निजी बैंक में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था, ने भरोसे का फायदा उठाकर पीड़ित परिवार से अलग-अलग किस्तों में 63 लाख रुपये जुटाए। जब पीड़ित ने अपनी पॉलिसी के दस्तावेज मांगे, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। संदेह होने पर जब पीड़ित ने बीमा कंपनी के कार्यालय में संपर्क किया, तो पता चला कि उसके नाम पर कोई निवेश हुआ ही नहीं है। आरोपी ने बड़ी चतुराई से चेक का दुरुपयोग करते हुए रकम को अन्य व्यक्तियों के नाम पर निवेश कर दिया था और उन निवेशों से मिलने वाले लाभ का खुद आनंद ले रहा था।

पीड़ित अमन अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के बाद आरोपी को पंडरी स्थित एक चाय दुकान से घेराबंदी कर धर दबोचा। नॉर्थ जोन पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 409 और 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस धोखाधड़ी में बैंक के अन्य कर्मचारी भी शामिल थे या आरोपी ने और भी लोगों को अपना शिकार बनाया है।

You might also like!