Breaking

फूटा आक्रोश: खाद-बीज की कमी और बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस का चक्काजाम और सहकारी समिति का घेराव

Chhattisgarh RRT News Desk 29 May 2026

post

CG News- गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र में किसानों की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर राजनीति गरमा गई है। क्षेत्र में खाद-बीज की भारी किल्लत, अघोषित बिजली कटौती, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में देरी और आवास योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। अपनी ९ सूत्रीय मांगों को लेकर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए।

Advertisement

आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने न केवल स्थानीय सहकारी समिति का घेराव किया, बल्कि मुख्य मार्ग पर बैठकर उग्र चक्काजाम प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कृषि सीजन के मुहाने पर खड़े किसानों को समय पर खाद और उन्नत बीज नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उनकी खेती पर संकट मंडरा रहा है। वहीं दूसरी ओर, भीषण गर्मी के इस मौसम में लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम जनता और किसानों दोनों का जीना मुहाल कर रखा है।

इस चक्काजाम और घेराव आंदोलन के कारण क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवास योजना के हितग्राहियों को उनका हक, बुजुर्गों को समय पर पेंशन और किसानों को पर्याप्त बिजली-खाद तुरंत उपलब्ध नहीं कराई गई, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में और अधिक उग्र रूप अख्तियार करेगा।

You might also like!