सक्ती। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य एवं जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनसे आत्मीय संवाद करते हुए उनके करियर लक्ष्य एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
समारोह में कई विद्यार्थियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट और डॉक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम से जीवन का हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।







