जशपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के जशपुर प्रवास के दौरान ग्राम भैंसामुड़ा में जनसेवा और सादगी का एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्थलगांव विकासखंड के इस दूरस्थ गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही श्रीमती अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन घर को देखा और अचानक अपने वाहन से उतरकर निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुँच गए। मुख्यमंत्री की इस सहजता ने वहाँ मौजूद ग्रामीणों का दिल जीत लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता तब और निखर कर आई, जब उन्होंने न केवल कार्य की गुणवत्ता परखी बल्कि खुद करणी (औजार) उठाकर सीमेंट-गारे से ईंटें जोड़ते हुए श्रमदान शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री को अपने घर की दीवार बनाते देख हितग्राही अनुसुइया भावुक हो उठीं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान श्रमिकों और राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी आत्मीय चर्चा की, उनके परिवार का हाल जाना और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों का पक्का घर केवल ईंट-गारे का ढांचा नहीं, बल्कि उनके सम्मानजनक जीवन का आधार है।
हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि कच्ची झोपड़ी से पक्के घर तक का उनका वर्षों पुराना सपना अब साकार हो रहा है। इस औचक निरीक्षण के दौरान विधायक श्रीमती गोमती साय और कलेक्टर श्री रोहित व्यास समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की इस पहल ने यह संदेश दिया कि प्रदेश की सरकार न केवल योजनाएं बना रही है, बल्कि धरातल पर उतरकर अंतिम व्यक्ति के सपनों में सहभागी भी बन रही है।







