रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सोमवार को राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित ऐतिहासिक हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंचे, जहाँ उन्होंने "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" में शिरकत की। इस गरिमामय अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ गुजरात के सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना और उनके द्वारा की गई विशेष पूजा-अर्चना का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को भारतीय सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि वर्तमान नेतृत्व में देश की गौरवशाली सनातन परंपराओं को वैश्विक पटल पर नई पहचान मिल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली एवं स्वर्णिम इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने विदेशी आक्रांताओं द्वारा मंदिर पर किए गए बार-बार के हमलों और फिर हर बार उसकी पुनर्निर्माण यात्रा के संघर्ष को याद करते हुए इसे भारतीय अस्मिता की जीत बताया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपनी बात साझा करते हुए स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार आस्था के केंद्रों के संरक्षण और संवर्धन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है, जिससे आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों और संस्कृति पर गर्व कर सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से केदारनाथ, काशी विश्वनाथ और अयोध्या के बाद अब सोमनाथ जैसे पावन धामों का वैभव पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सनातन संस्कृति ही हमारे समाज को जोड़ने का सबसे मजबूत सूत्र है। इस अवसर पर हाटकेश्वर महादेव मंदिर में विशेष साज-सज्जा की गई थी और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा परिसर शिवमय हो गया, जो आस्था और स्वाभिमान के इस पर्व की भव्यता को दर्शा रहा था।







