Raipur: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट 2026-27 को 'ऐतिहासिक' और 'समावेशी' करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र को चरितार्थ करता है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर एक मजबूत आधारशिला रखता है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि कर्तव्य भवन में तैयार यह पहला बजट देश के समग्र विकास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी बहुल और विकासशील राज्यों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है।
मुख्यमंत्री साय ने बजट के उन प्रावधानों की सराहना की जो सीधे तौर पर छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लाभ पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि बजट में कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया गया है, जिससे राज्य के किसानों की आय में इजाफा होगा। 'महात्मा गांधी ग्राम स्वराज' पहल के माध्यम से स्थानीय हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों को मिलने वाला बढ़ावा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। साथ ही, पशुपालन और डेयरी सेक्टर के लिए की गई घोषणाएं प्रदेश के पशुपालकों के लिए गेम-चेंजर साबित होंगी।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बजट को 'क्रांतिकारी' बताते हुए सीएम साय ने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान कैंसर और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता करेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हर जिले में 'इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर' की स्थापना और जिला अस्पतालों का उन्नयन स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। इसके अतिरिक्त, हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास और 'लखपति दीदी' योजना का विस्तार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 जलमार्ग और विशेष 'खनिज कॉरिडोर' की घोषणा से छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। आयकर प्रक्रियाओं के सरलीकरण और मोबाइल, टीवी, दवाओं जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम घटने से मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने में सफल सिद्ध होगा।







_m.webp)
