Breaking

'भारत भाग्य विधाता' की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कंगना रनौत हुए शामिल; 26/11 के रियल हीरोज को किया सलाम

Chhattisgarh 09 June 2026

post

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में आयोजित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस खास मौके पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय, प्रख्यात अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत और छत्तीसगढ़ की माटी के लाल व फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने माता कौशल्या की पावन भूमि छत्तीसगढ़ में फिल्म की पूरी टीम का आत्मीय स्वागत किया।

Advertisement

यह फिल्म 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले (26/11) के दौरान अपने प्राणों की बाजी लगाने वाले उन अनसुने नायकों (नर्सों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों) की सेवा, साहस और समर्पण की अनकही कहानी पर आधारित है, जिन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी के बीच सैकड़ों मासूमों की जान बचाई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस फिल्म को ‘भारत भाग्य विधाता’ नाम देकर इसका गौरव बढ़ाया है। फिल्म में कंगना रनौत ने खुद एक जांबाज नर्स की मुख्य भूमिका निभाई है।

स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में आपातकालीन और विपरीत परिस्थितियों में अपनी उत्कृष्ट व अनुकरणीय सेवाएं देने वाले कई स्वास्थ्यकर्मियों और जांबाज ‘भारत भाग्य विधाता वॉरियर्स’ को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में जागेश्वर कुमार धीवर, नारायण सिंह नायक, भुनेश्वरी तिवारी, रोहिणी वर्मा, उर्मिला भगत, रोशनी, विजय शंकर कश्यप, मीना सिंह, ममता कपूर, मीना शर्मा, जमुनाबाई, लक्ष्मी मेनन और विजया लक्ष्मी पिल्लई शामिल रहे। इस गरिमामयी समारोह में कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा और रूप कुमारी चौधरी भी मौजूद रहीं।

You might also like!