Breaking

'बाहर जाइए और सही जानकारी लेकर आइए': अधिकारियों पर भड़के सीएम विष्णु देव साय, सुशासन तिहार में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Chhattisgarh RRT News Desk 04 May 2026

post

रायपुर: छत्तीसगढ़ में 'सुशासन तिहार 2026' के तहत योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का बेहद सख्त और कड़ा रुख देखने को मिला। रायपुर में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में जब एक विभागीय अधिकारी योजनाओं और आंकड़ों की सही जानकारी नहीं दे पाए, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा— "बाहर जाइए, अपने सचिव से बात कीजिए और सही जानकारी लेकर ही अंदर आइए।" मुख्यमंत्री के इस कड़े तेवर ने स्पष्ट कर दिया है कि सुशासन के कामों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Advertisement

मुख्यमंत्री साय ने बैठक में उपस्थित सभी कलेक्टर्स और विभाग प्रमुखों को चेतावनी दी कि 'सुशासन तिहार' केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह जनता की समस्याओं के तत्काल निराकरण का माध्यम है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारी केवल फाइलों और मीटिंग्स तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर हो रहे कार्यों की सटीक जानकारी रखें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें कोताही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

'सुशासन तिहार' के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं जिलों का दौरा कर रहे हैं और औचक निरीक्षण के जरिए जमीनी हकीकत जान रहे हैं। रायपुर की इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन का अर्थ ही 'पारदर्शिता और जवाबदेही' है। उन्होंने अफसरों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और जनता के प्रति संवेदनशील होने की नसीहत दी। मुख्यमंत्री की इस सख्ती के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और अब अधिकारी पेंडिंग फाइलों और अधूरी जानकारियों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं।

You might also like!