रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को अग्रिम कर हस्तांतरण किए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारी संघवाद की भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्यों की विकास संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समय से पहले कर हिस्सेदारी उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की संवेदनशील, दूरदर्शी और विकासोन्मुखी सोच को दर्शाता है।
छत्तीसगढ़ को मिले ₹3,602 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि अग्रिम कर हस्तांतरण के तहत छत्तीसगढ़ को ₹3,602 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। इससे प्रदेश में अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन को और गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त राशि से सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
सीएम साय के अनुसार अग्रिम कर हस्तांतरण से राज्य की विकास योजनाओं के लिए वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता बेहतर होगी। इससे विभिन्न परियोजनाओं को गति देने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के इस निर्णय को छत्तीसगढ़ के विकास के लिए सकारात्मक बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।







