Helpline 1076 Impact : हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत का समाधान, सोनहत के राजेश के घर पहुँची मुख्यमंत्री की ‘पाती’

Chhattisgarh 10 November 2026 (9)

post

​रायपुर, 10 नवंबर 2026। ​मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज एक शिकायत के सफल समाधान के बाद बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के सुदूर ग्राम सोनहत निवासी राजेश कुमार कुशवाहा के घर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ‘विष्णु की पाती’ पहुँची है। लर्निंग लाइसेंस से जुड़ी समस्या के त्वरित निराकरण के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पीड पोस्ट के जरिए उन्हें शुभकामना पत्र भेजा और लाइसेंस मिलने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की है।

Advertisement

​हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी समस्या

​राजेश कुमार कुशवाहा ने अपना लर्निंग लाइसेंस बनवाने में आ रही परेशानियों के संबंध में मदद के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क किया था। उनकी इस शिकायत पर विभाग द्वारा तुरंत कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें उनका लर्निंग लाइसेंस प्राप्त हो गया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भेजे गए इस विशेष पत्र में मुख्यमंत्री ने राजेश कुमार और उनके पूरे परिवार को बधाई दी और कहा कि नागरिकों की हरसंभव समस्याओं का समय पर समाधान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

​नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता

​मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने पत्र में लिखा कि हेल्पलाइन 1076 को इसी मुख्य उद्देश्य के साथ शुरू किया गया था ताकि प्रदेश का हर नागरिक अपनी बात सहजता से शासन तक पहुँचा सके और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन से संपर्क करने वाले प्रत्येक नागरिक की बात पूरी गंभीरता से सुनी जाती है। ऐसे अनुभव यह समझने में भी मदद करते हैं कि शासकीय सेवाएँ आम जनता के लिए कितनी उपयोगी साबित हो रही हैं और उन्हें और अधिक सरल व सुलभ बनाने की कहाँ आवश्यकता है।

​यातायात नियमों के पालन की सलाह

​लर्निंग लाइसेंस मिलने पर मुख्यमंत्री ने राजेश कुशवाहा को वाहन चलाना सीखते समय पूरी तरह सुरक्षित अभ्यास करने और सड़क पर हमेशा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी है। हेल्पलाइन पर दर्ज समस्या के समाधान के बाद सीधे मुख्यमंत्री का शुभकामना पत्र मिलने से राजेश कुमार और उनके परिवार के लिए यह अनुभव बेहद यादगार बन गया है।

You might also like!