CG News- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित वीआईपी सर्किट हाउस से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे सर्किट हाउस परिसर में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह-सुबह हुई इस आगजनी की घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल निर्मित हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से सर्किट हाउस के भीतर रखा कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने वीआईपी वींग और स्टोर रूम को अपनी जद में ले लिया। इस हादसे में सर्किट हाउस के भीतर रखे फ्रिज, लोहे व लकड़ी की अलमारियां, सीलिंग फैन (पंखा) सहित स्टोर रूम में सुरक्षित रखा गया अन्य महत्वपूर्ण शासकीय सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है। गनीमत यह रही कि सुबह का वक्त होने के कारण समय रहते मुस्तैद कर्मचारियों ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों और दमकल विभाग को दे दी, जिससे एक बड़ा जनहानि का खतरा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दलबल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। वहीं, हादसे की खबर लगते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारी भी निरीक्षण के लिए सर्किट हाउस पहुंच चुके हैं। अधिकारियों द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्राथमिक जांच और तात्कालिक परिस्थितियों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारियों का मानना है कि यह दर्दनाक हादसा बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से घटित हुआ है।







