Breaking

Chhattisgarh UCC: समान नागरिक संहिता पर रायपुर में व्यापक मंथन, धार्मिक-सामाजिक संगठनों ने दिए सुझाव

Chhattisgarh 27 August 2026

post

रायपुर, 27 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सुझाव और विचार जुटाने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, विभिन्न आयोगों, निगमों और मंडलों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक में UCC समिति के सदस्यों के समक्ष विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव और विचार साझा किए।

Advertisement

समान नागरिक संहिता के लिए गठित समिति में सेवानिवृत्त आईएएस शत्रुघ्न सिंह और एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार, सेवानिवृत्त ज्योति रानी सिंह तथा सदस्य सचिव श्याम धावड़े शामिल रहे। बैठक में विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार, गोद लेने और लिव-इन संबंधों जैसे व्यक्तिगत मामलों में समान कानूनी व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। प्रस्तावित व्यवस्था में धर्म, जाति और पंथ से अलग सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और एक स्पष्ट कानूनी ढांचा तैयार करने पर जोर दिया गया। महिलाओं को विवाह एवं संपत्ति संबंधी अधिकारों में समानता देने और असमानता पैदा करने वाले प्रावधानों को दूर करने जैसे सुझाव भी चर्चा का हिस्सा रहे।

बैठक में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपच्ची, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष ललित माखीजा, क्रिश्चियन समाज के जान राजेश पॉल, मुस्लिम समाज के अध्यक्ष सलाम रिजवी, गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष इंद्रजीत छाबड़ा, अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर, राज्य नीति आयोग के अध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा, राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और आयोगों के प्रतिनिधि शामिल हुए। समिति प्रदेश के अलग-अलग जिलों में फील्ड स्टडी, ऑनलाइन पोर्टल और जन-संवाद के माध्यम से सुझाव जुटा रही है। जनजातीय एवं रूढ़िगत परंपराओं पर संभावित प्रभावों का संवेदनशीलता से आकलन करने की बात भी कही गई है।

You might also like!