Raipur - ट्रेनें रद्द (Train Cancellation News): रेल यात्रियों के लिए जून का महीना काफी परेशानी भरा होने वाला है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत चांपा स्टेशन पर चौथी रेल लाइन के निर्माण कार्य और प्री-एनआई/एनआई कार्यों के चलते कुल 77 ट्रेनों को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यह मेगा ब्लॉक जून महीने की अलग-अलग तारीखों पर प्रभावी रहेगा, जिससे छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 65 एक्सप्रेस और 12 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहेगा।
रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ब्लॉक का सबसे ज्यादा असर 7 जून से 19 जून के बीच दिखाई देगा। इस दौरान न केवल ट्रेनें रद्द रहेंगी, बल्कि 8 ट्रेनों को उनके निर्धारित मार्ग के बजाय बदले हुए (Diverted) रूट से चलाया जाएगा। इसके अलावा, 6 ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त (Short Terminate) कर दिया जाएगा और 5 महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से संचालित होंगी। चौथी लाइन का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों की रफ्तार और संख्या में बढ़ोतरी होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल यात्रियों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ेगा।
गर्मी की छुट्टियों और शादी-ब्याह के सीजन के बीच इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें दोगुनी हो गई हैं। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर हावड़ा और मुंबई की ओर जाने वाले यात्री सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या आधिकारिक ऐप के माध्यम से अपनी ट्रेन का स्टेटस चेक करने के बाद ही स्टेशन के लिए निकलें। जिन यात्रियों ने पहले ही टिकट बुक करा ली है, उन्हें नियमानुसार पूरा रिफंड दिया जाएगा।








.webp)