Chhattisgarh Paddy Procurement : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान तेज, अब तक लगभग 5.65 लाख क्विंटल धान का हुआ उपार्जन

Chhattisgarh Paddy Procurement : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान तेज, अब तक लगभग 5.65 लाख क्विंटल धान का हुआ उपार्जन

Chhattisgarh 17 November 2026 (18)

post

रायपुर, 16 नवंबर 2026। ​छत्तीसगढ़ में अन्नदाताओं की मेहनत का सम्मान करने और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी महाअभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाल ही में बिलासपुर जिले के सेन्द्री स्थित धान उपार्जन केंद्र से इस महाअभियान का शुभारंभ किया था। इससे एक दिन पूर्व 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से भी इस अभियान की शुरुआत की गई थी। वर्तमान में प्रदेशभर के उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है।

Advertisement

​अब तक 5.64 लाख क्विंटल से अधिक धान का उपार्जन

​राज्य सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष पूरे प्रदेश में कुल 3,100 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं:

  • ​इनमें से 2,847 केंद्रों में टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि 2,030 केंद्रों में धान खरीदी का कार्य प्रारंभ हो चुका है।
  • ​शाम 7 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 5 लाख 64 हजार 470 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है।
  • ​इसमें 3 लाख 26 हजार 110 क्विंटल मोटा धान, 2 लाख 16 हजार 482 क्विंटल पतला धान तथा 21 हजार 877 क्विंटल सरना धान शामिल है।

​बालोद जिला रहा अग्रणीय, जिलों में उत्साह का माहौल

​जिलावार आंकड़ों के अनुसार, धान खरीदी के मामले में बालोद जिला सबसे आगे रहा है, जहां आज सर्वाधिक 67,125.20 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया। इसके अलावा राजनांदगांव जिले में 64,095.60 क्विंटल और महासमुंद जिले में 56,454 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है।

​राज्य सरकार द्वारा उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए डिजिटल टोकन व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और पेयजल जैसी तमाम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसानों में भारी उत्साह का वातावरण है।

You might also like!