रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गरियाबंद जिले के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान जिलेवासियों को ₹603 करोड़ 46 लाख से अधिक की लागत वाले 76 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹86.75 करोड़ की लागत से पूरे हो चुके 46 विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि ₹516.70 करोड़ की लागत से शुरू होने वाले 30 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के अमलीकरण से गरियाबंद जिले में सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और विद्युत अधोसंरचना को एक नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 'मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना' और 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए सहकारी समितियों के नए केंद्र खोलने और नैनो यूरिया के उपयोग पर विशेष बल दिया। सीएम ने जनता की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का अधिक से अधिक लाभ उठाने की भी अपील की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गरियाबंद की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए बताया कि सुपेबेड़ा क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए तेल नदी पर ₹7 करोड़ की लागत से एनीकट निर्माण को मंजूरी दी गई है। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और जल जीवन मिशन की सफलताओं को साझा किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी और राजिम विधायक रोहित साहू सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण जन उपस्थित थे।







