RRT News- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिंघोड़ा थाना पुलिस ने ओड़िशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान एक गुजरात पासिंग कार से भारी मात्रा में सोने के आभूषण जब्त किए हैं। बरामद किए गए सोने के जेवरातों की अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 27 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए कार सवार तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रेहटीखोल चेकपोस्ट पर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की कड़ाई से चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ओड़िशा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को रोका गया। शुरुआती जांच में कार के भीतर कुछ नहीं मिला, लेकिन जब पुलिस टीम ने बारीकी से वाहन की तलाशी ली, तो वे भी दंग रह गए। शातिर तस्करों ने सोने को छिपाने के लिए कार के भीतर एक बेहद हाईटेक और गुप्त चैंबर (सीक्रेट बॉक्स) बना रखा था, जिसे खोलते ही करोड़ों के सोने के बिस्कुट और आभूषण बरामद हुए।
पकड़े गए तीनों आरोपी मूल रूप से गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो इस खेप को ओड़िशा की ओर से लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते गुजरात ले जाने की फिराक में थे। पूछताछ के दौरान आरोपी सोने के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज, बिल या रिसीप्ट पेश नहीं कर सके। महासमुंद पुलिस ने सोने के सारे जेवरात और तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग (Income Tax) और जीएसटी (GST) टीम को भी इसकी सूचना दे दी है, जो अब आगे की वित्तीय जांच में जुट गई हैं।







