Breaking

Industrial Development: धमतरी में 96 MSME इकाइयों के लिए फ्लैटेड फैक्टरी, राजनांदगांव में ₹469 करोड़ का इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर मंजूर

Chhattisgarh 25 September 2026

post

रायपुर, 25 सितंबर 2026। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति (PFIC) की उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

Advertisement

बैठक में धमतरी जिले के ग्राम कचना में प्लग एंड प्ले फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स के निर्माण के प्रस्ताव पर विस्तार से विचार किया गया। करीब 43,200 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले इस कॉम्प्लेक्स में 96 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) के लिए जगह उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। यहां विद्युत, जल आपूर्ति, सड़क, सीवरेज और साझा जनसुविधाओं जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

प्लग एंड प्ले मॉडल के तहत उद्योगों को तैयार बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा, जिससे उद्यमी सीधे मशीनरी स्थापित कर उत्पादन शुरू कर सकेंगे। इससे उद्योग स्थापित करने में लगने वाले समय और शुरुआती पूंजी की जरूरत को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। यह स्थल रायपुर से करीब 32 किलोमीटर और धमतरी जिला मुख्यालय से करीब 41 किलोमीटर दूर बताया गया है।

राजनांदगांव में ₹469.61 करोड़ का इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर

बैठक में राजनांदगांव जिले के घुमका तहसील अंतर्गत ग्राम पटेवा में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 की स्थापना के लिए ₹469 करोड़ 61 लाख की अधोसंरचना निर्माण योजना को मंजूरी दी गई। इसमें केंद्रांश ₹210 करोड़ 56 लाख और राज्यांश ₹259 करोड़ 05 लाख शामिल है। परियोजना को भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की 12वीं प्रोजेक्ट रिव्यू कमेटी से स्वीकृति मिल चुकी है।

यह क्लस्टर 306.56 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिसमें 150.56 एकड़ में औद्योगिक भूखंड तैयार किए जाएंगे। यहां चार प्रमुख एंकर यूनिट्स स्थापित करने का प्रस्ताव है। साथ ही चार बहुमंजिला फ्लैटेड फैक्टरी भवन, प्रशासनिक भवन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

क्लस्टर में कर्मचारियों के लिए 250 बेड क्षमता वाला हॉस्टल, 5 एमवीए क्षमता का विद्युत सब-स्टेशन, सोलर स्ट्रीट लाइट और 11 केवी एचटी लाइन नेटवर्क भी प्रस्तावित है। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like!