CG News- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बेहद दर्दनाक और दुखद खबर सामने आई है। पैरी नदी पर बने सुप्रसिद्ध कूकदा पिकअप वियर (चेकडैम) में पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के दो दोस्तों की पानी में डूबने से मौत हो गई। यह भीषण हादसा उस वक्त हुआ जब नहाते समय एक युवती गहरे पानी में चली गई और उसे बचाने के प्रयास में उसका साथी युवक भी नदी की तेज गहराई में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके के रहने वाले चार दोस्त रविवार की दोपहर वीकेंड का लुत्फ उठाने और घूमने के लिए गरियाबंद पहुंचे थे। सभी दोस्तों ने कूकदा पिकअप वियर के खूबसूरत नजारे के बीच दोपहर का भोजन किया। इसके बाद वे गर्मी से राहत पाने और नहाने के लिए चेकडैम के पानी में उतरे। इसी दौरान मौज-मस्ती अचानक चीख-पुकार में बदल गई जब 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना अचानक पैर फिसलने या अंदाजा न होने के कारण गहरे पानी की ओर चली गई और डूबने लगी।
सहेली को डूबता देख उसे बचाने के लिए 30 वर्षीय पीयूष मंडल ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण पीयूष भी खुद को संभाल नहीं पाया और गहराई में फंस गया। देखते ही देखते दोनों दोस्त बाकी साथियों की आंखों के सामने ही गहरे पानी में विलीन हो गए। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय प्रशासन को सचेत किया है।






