Breaking

Chhattisgarh Employment Fair: 13 हजार से ज्यादा युवाओं ने लिया हिस्सा, 5 हजार से अधिक का चयन; ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’

Chhattisgarh 08 October 2026 (10)

post

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला-2026 का समापन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए। 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित मेले में प्रदेशभर से 13 हजार से अधिक युवाओं ने सहभागिता की, जबकि विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया के बाद 5 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ। मुख्यमंत्री ने लगभग 1,100 चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे।

Advertisement

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर कौशल प्रशिक्षण और उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर अपने ही प्रदेश में मिलें, ताकि वे अपने कौशल और प्रतिभा के बल पर आत्मनिर्भर बनें और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनें।

प्रदेश के सभी जिलों के साथ दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में युवा रोजगार मेले में पहुंचे। चयनित युवाओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार का यह अवसर उनके जीवन में नई शुरुआत है। उन्होंने युवाओं से मेहनत, लगन और प्रतिभा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

925 रोजगार मेलों से 25,845 से अधिक युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेशभर में 925 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है। इनके माध्यम से 25 हजार 845 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से सरकार शिक्षा से कौशल और कौशल से रोजगार तक युवाओं को जोड़ने पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में उच्च और तकनीकी शिक्षा के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स और विधि विश्वविद्यालय जैसे संस्थान संचालित हैं। वहीं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘प्रयास’ जैसी संस्थाओं के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

95 से अधिक नियोक्ता संस्थानों की सहभागिता

राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 95 से अधिक पंजीकृत नियोक्ता संस्थानों के साथ अन्य कंपनियों ने भी हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर करीब 50 स्टॉल लगाए गए, जहां अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी की गई।

आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक सहित विभिन्न शैक्षणिक और व्यावसायिक योग्यता वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। रोजगार विभाग के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, तकनीकी शिक्षा विभाग, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग महाविद्यालयों तथा छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण की भी आयोजन में सक्रिय भागीदारी रही।

कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षित युवाओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। इस तरह रोजगार मेला युवाओं, उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सीधे संवाद और समन्वय का मंच बना।

ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’

रोजगार मेले में पंजीयन, आवेदन, उपस्थिति और चयन से जुड़ी प्रक्रियाएं ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की गईं। सरकार अब इस पोर्टल को ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।

इस एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उद्योगों की जरूरतों और उपलब्ध रिक्तियों के साथ युवाओं की शैक्षणिक योग्यता और कौशल की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार अवसर खोजने में सुविधा मिलेगी, वहीं उद्योगों को जरूरत के मुताबिक कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

रोजगार नहीं मिलने वाले युवाओं को भी मिलेगा आगे अवसर

मुख्यमंत्री ने उन युवाओं का भी उत्साह बढ़ाया जिन्हें इस रोजगार मेले में चयन का अवसर नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है। सरकार आगे भी रोजगार मेलों, कौशल विकास कार्यक्रमों और उद्योगों के साथ समन्वय के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराती रहेगी।

तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनके हुनर को वास्तविक रोजगार और आजीविका के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मेले में युवाओं की व्यापक भागीदारी उनके उत्साह और बेहतर भविष्य की आकांक्षा को दर्शाती है।

पॉलिटेक्निक संस्थानों की गुणवत्ता मूल्यांकन रिपोर्ट जारी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रदेश के पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में शिक्षा एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा तैयार थर्ड पार्टी मूल्यांकन रिपोर्ट का विमोचन किया गया।

रिपोर्ट में पॉलिटेक्निक संस्थानों के शैक्षणिक स्तर, प्रशिक्षण व्यवस्था, अधोसंरचना और गुणवत्ता सुधार की संभावनाओं का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के सुझावों के आधार पर संस्थानों के समग्र विकास और प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। इसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप विकसित करना और विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाना है।

सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा रोजगार मेले को

मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रोजगार मेला भी युवाओं को सीधे अवसरों से जोड़ने की दिशा में इसी भावना को आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने से पहले वे दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी करने के साथ विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला, युवा, किसान, श्रमिक और गरीब सहित समाज के विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, विधायक सुनील सोनी, विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधि, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

You might also like!