Breaking

Crime News: दिनदहाड़े लूट, बैंक से धान का बोनस निकाल कर घर लौट रही युवती से ₹38 हजार छीने

Chhattisgarh RRT News Desk 18 June 2026

post

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 17 जून की दोपहर चंदनई नदी पुल के पास बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने स्कूटी से जा रही एक युवती को अपना निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती बैंक से धान बोनस की ₹38,000 की राशि निकालकर अपने घर लौट रही थी, तभी घात लगाए लुटेरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

Advertisement

बदमाशों ने चलती स्कूटी से युवती का रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। इस दौरान हुई छीनाझपटी में युवती अपनी स्कूटी से नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों नकाबपोश आरोपी रकम लेकर अपनी तेज रफ्तार बाइक पर मौके से फरार हो गए। सड़क पर घायल पड़ी युवती को स्थानीय लोगों की मदद से संभाला गया।

इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और व्यस्त मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस लूट से पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित युवती के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए मुख्य मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

You might also like!