रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की बैठक में प्रदेश के चार जिलों में नए औद्योगिक पार्क (मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर) विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अंतर्गत औद्योगिक विकास योजना की समीक्षा करते हुए राजनांदगांव, धमतरी, जांजगीर-चांपा और बस्तर में औद्योगिक पार्क स्थापित करने के प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करते हुए इनके शीघ्र क्रियान्वयन पर जोर दिया।
इन जिलों में विकसित होंगे नए औद्योगिक पार्क
राजनांदगांव (पटेवा) – स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
धमतरी (पटेवा) – मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
जांजगीर-चांपा (धूम्रपाली) – मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
बस्तर (नियानार) – मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
राज्य सरकार का मानना है कि इन औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से निवेश को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
यह परियोजना केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक योजना और राज्य सरकार की औद्योगिक विकास नीति के तहत संचालित की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया।







