CG News- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है, जहां शनिवार को छातामुड़ा रोड पर स्थित एक कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। कबाड़ और प्लास्टिक की मौजूदगी के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें इतनी तेज और ऊंची थीं कि उन्होंने पास में ही स्थित एक नामी हीरो बाइक शोरूम को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
इस दर्दनाक अग्निकांड में शोरूम के भीतर और परिसर में रखी लगभग 43 नई और पुरानी मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। हादसे के वक्त शोरूम में मौजूद स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कई गाड़ियों को बाहर निकालने की कोशिश की। इसी आपाधापी और भगदड़ के बीच एक हैरान करने वाला मामला भी सामने आया है, जहां आग से सुरक्षित बचाकर बाहर खड़ी की गई 2 से 3 मोटरसाइकिलें चोरी होने की खबर है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की विभीषिका को देखते हुए एक के बाद एक कुल 11 दमकल गाड़ियों को मोर्चे पर लगाया गया, जिनकी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। इस भीषण हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और स्थानीय पुलिस व प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है।







