Breaking

यूनिवर्सिटी में रिजल्ट को लेकर हंगामा: छात्रों को मिले 0 और 2 नंबर, साल में 8 बार फीस वसूली से भड़के छात्र

Chhattisgarh RRT News Desk 19 May 2026

post

RRT News- अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय (बिलासपुर) के परीक्षा परिणामों को लेकर छात्रों में भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए हालिया नतीजों में कई छात्र-छात्राओं को महज 0 और 2 नंबर दिए गए हैं। छात्रों का आरोप है कि कॉपियों का मूल्यांकन ठीक से नहीं किया गया है, जिसके चलते उनका भविष्य अधर में लटक गया है।

Advertisement

परिणामों में इस तरह की गड़बड़ी के साथ-साथ राज्य में लागू की गई सेमेस्टर प्रणाली को लेकर भी छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। छात्र संगठन 'आल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स आर्गनाइजेशन' (AIDSO) के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि नई व्यवस्था के कारण उन्हें साल में 8-8 बार अलग-अलग तरह की फीस भरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। लगातार हो रहे पेपर लीक और इस तरह की अव्यवस्था से छात्र मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहे हैं।

इस मामले को लेकर आक्रोशित छात्र संगठन ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई है। उन्होंने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय की इस लचर परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था में आमूलचूल सुधार करने की मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और फीस वृद्धि व त्रुटिपूर्ण नतीजों पर रोक नहीं लगी, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

You might also like!