CG SUICIDE : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक ही पेड़ से प्रेमी-प्रेमिका के शव फंदे पर लटके मिले। यह मामला छाल थाना क्षेत्र के एडूकला गांव का है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह ग्रामीण महुआ बीनने जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके दो शवों पर पड़ी। यह दृश्य देख गांव में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25 वर्ष) और परमेश्वरी अगरिया (20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी शासिमोहन सिंह के अनुसार, प्रारंभिक सूचना प्रेमी-प्रेमिका द्वारा आत्महत्या की ओर इशारा करती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जांच के बाद ही इस घटना के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी।








