CG Road Accident : जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा बेजुबान जानवरों के लिए 'काल' बनकर आया। मुलमुला थाना क्षेत्र के आरस मेटा मोड़ पर बीती रात एक अनियंत्रित हाईवा ने सड़क किनारे बैठी 13 गायों को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 10 गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाईवा (वाहन क्रमांक CG 22 U 8111) इतनी तेज रफ्तार में था कि चालक मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे गायों के झुंड पर गाड़ी चढ़ा दी। घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है। आरस मेटा और आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर कोई लगाम नहीं है।








