Breaking

CG News: युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़, मुख्यमंत्री ने माय भारत अभियान को विस्तार देने दिए निर्देश

Chhattisgarh 18 August 2026

post

रायपुर, 18 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, खेल, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, कृषि, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सेवा और नेतृत्व के अवसर दिए जाने चाहिए। उन्होंने ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की भावना के अनुरूप ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने पर जोर दिया। साथ ही डिजिटल डिटॉक्स, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा जुड़े

बैठक में बताया गया कि ‘मेरा युवा भारत’ प्लेटफॉर्म से देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा पंजीकृत हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में 6.60 लाख से अधिक युवा इससे जुड़ चुके हैं। देशभर में 24,900 से अधिक अनुभव आधारित कार्यक्रमों के जरिए 1.21 लाख युवाओं को शासन की गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में 233 ऐसे कार्यक्रमों में 2,389 से अधिक युवाओं ने भाग लिया है।

बस्तर के युवाओं पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने बस्तर के युवाओं को माय भारत से बड़े स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य को उचित अवसर देकर उन्हें प्रदेश और देश के विकास का सक्रिय भागीदार बनाया जाना चाहिए। बैठक में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ सहित विभिन्न युवा कार्यक्रमों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में यही युवा देश और प्रदेश का नेतृत्व करेंगे, इसलिए उन्हें अभी से सही दिशा, अवसर और मंच उपलब्ध कराना जरूरी है।

You might also like!