CG NEWS : छत्तीसगढ़ के सरायपाली ब्लॉक से शिक्षा व्यवस्था को आईना दिखाने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। ग्राम सिंगबहाल के शासकीय प्राथमिक शाला में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना एक शिक्षिका को महंगा पड़ गया। ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन और स्कूल में तालाबंदी के बाद, प्रशासन ने तत्काल कदम उठाते हुए आरोपी शिक्षिका कंचन भोई का बोरिया-बिस्तर समेट दिया है।
मोबाइल में मशगूल रहती थी मैडम
ग्रामीणों और पालकों ने बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि शिक्षिका कंचन भोई स्कूल समय में बच्चों को ककहरा सिखाने के बजाय घंटों मोबाइल देखने और सोशल मीडिया में व्यस्त रहती थीं। इस लापरवाही का असर बच्चों के रिजल्ट पर पड़ रहा था और सिलेबस पूरी तरह पिछड़ चुका था।
बार-बार की शिकायतों पर जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो गुस्साए पालकों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया और जमकर नारेबाजी की।
विभाग की कार्रवाई
दबाव बढ़ता देख सरायपाली ब्लॉक शिक्षा कार्यालय ने तत्काल आदेश जारी किया और शिक्षिका कंचन भोई का स्थानांतरण शासकीय प्राथमिक शाला सूखापाली कर दिया है।








