CG NEWS : जशपुर। राजधानी के खादगढ़ा बस स्टैंड से जशपुर होते हुए रायपुर के लिए निकली शिवनाथ बस में गुरुवार को नामकुम रिंग रोड पर भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि आग की लपटें विकराल होने से पहले ड्राइवर ने बहादुरी दिखाई, जिससे बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
जानकरी के मुताबिक, बस जैसे ही नामकुम क्षेत्र में रिंग रोड पर पहुंची, इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते शॉर्ट सर्किट की वजह से आग पूरी बस में फैल गई और बस धू-धू कर जलने लगी।
बस में आग लगने की भनक लगते ही चालक ने आपा नहीं खोया। चालक की तत्परता के कारण सभी यात्री समय रहते नीचे उतर गए। अगर चंद मिनटों की भी देरी होती, तो यह घटना एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी।
यात्रियों की जान तो बच गई, लेकिन आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला। यात्रियों के बैग, कीमती दस्तावेज और अन्य सामान धधकती आग में जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।








