CG NEWS : अम्बिकापुर के गांधीनगर वार्ड नंबर-2 में अवैध रूप से एक्सपायरी धान को मंडी में बेचने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष यूथ इंटक आशीष शील ने स्थानीय जागरूक नागरिकों के साथ मिलकर इस गोरखधंधे को पकड़ा।
मौके से करीब 3 लाख 72 हजार रुपये मूल्य का 300 बोरी एक्सपायरी धान बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इस धान को सिलफिली धान समिति में बेचने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए प्लास्टिक के पुराने पैकेट फाड़कर धान को नए बोरो में भरा जा रहा था, वहीं सबूत मिटाने के लिए पुराने पैकेट आग में जलाए जा रहे थे।
इस मामले में सुभाषनगर स्कूल पारा निवासी केसव मंडल और ब्रिज किशोर सिंह को आरोपी बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे फूड इंस्पेक्टर चित्रकांत ध्रुव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 300 बोरी धान जब्त कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है।








