फरसगांव। CG News : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के ग्राम बैलगांव में हाल ही में संपन्न हुआ एक अनोखा विवाह अब विवादों के घेरे में आ गया है। एक ही मंडप में दो दुल्हनों के साथ सात फेरे लेने वाले दूल्हे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। जहां एक ओर इंटरनेट पर इसे लेकर चर्चाएं गर्म थीं, वहीं दूसरी ओर सर्व आदिवासी समाज ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की है।
प्रेस वार्ता में समाज ने जताया विरोध
फरसगांव में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने इस विवाह को सामाजिक मूल्यों के खिलाफ बताया। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि इस तरह के कृत्य से समाज की गरिमा धूमिल होती है और नई पीढ़ी पर इसका गलत प्रभाव पड़ता है।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए समाज के प्रमुखों ने स्पष्ट किया कि "समाज के दृष्टिकोण में यह विवाह पूर्णतः गलत और अस्वीकार्य है।" उन्होंने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और उचित वैधानिक कार्यवाही करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
युवाओं से संयम की अपील
सर्व आदिवासी समाज ने क्षेत्र के युवाओं के नाम एक संदेश जारी करते हुए कहा है कि वे बिना सोचे-समझे इस प्रकार के कदम न उठाएं। समाज ने अपील की है कि युवा पीढ़ी सामाजिक मर्यादाओं का पालन करें और ऐसे कृत्यों से बचें जो समाज की परंपराओं के विरुद्ध हों।








