CG News : सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र में कुन्नी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के अभाव में छह माह की बच्ची की मौत हो गई। मृतक बच्ची अमीषा मझवार थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे और समय पर एंबुलेंस भी उपलब्ध नहीं हो सकी।
घटना 27 दिसंबर 2025 की सुबह हुई। लखनपुर विकासखंड के ग्राम लब्जी कुर्मेनपारा निवासी संत राम श्रोता मझवार अपनी बेटी को स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। लेकिन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर देव कुमार साहू अस्पताल में नहीं थे। दो घंटे तक डॉक्टर के न आने के कारण बच्ची को कोई उपचार नहीं मिल सका।
इसके बाद परिजन बच्ची को निजी क्लीनिक लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने की सलाह दी। वहां बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी विरोध भार्गव ने कहा कि वे उस दिन छुट्टी पर थे और मामले की जांच कराई जाएगी। इकलौते डॉक्टर देव कुमार साहू ने बताया कि अप्रिय कारणों से वह अस्पताल नहीं पहुंच सके और फोन के माध्यम से स्टाफ को सहयोग करने को कहा।
अस्पताल में केवल 1 डॉक्टर और 3 स्टाफ नर्स कार्यरत हैं। दो महीने पहले इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किया गया था, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण मरीजों को रेफर किया जाता है।
परिजनों का कहना है कि अगर समय पर इलाज और एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध होती, तो बच्ची की जान बच सकती थी।








