CG News : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से धोखाधड़ी का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ न्याय की गुहार लगाने वाला फरियादी ही असली गुनहगार निकला। खल्लारी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक ऐसे शातिर शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने बीमा राशि हड़पने के लिए खुद की जेसीबी (JCB) चोरी होने का हाई-वोल्टेज ड्रामा रचा था।
क्या है पूरा मामला?
आरोपी गोविंद धीवर ने खल्लारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी कीमती जेसीबी मशीन चोरी हो गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की, लेकिन शुरुआती पूछताछ में ही गोविंद के बयानों में विरोधाभास दिखने लगा। वह बार-बार अपनी बातों से पलट रहा था, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
बीमा कंपनी को ठगने की थी साजिश
जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो गोविंद ने सारा सच उगल दिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपनी असली जेसीबी मशीन को पहले ही कहीं बेच दिया था। बीमा कंपनी से मोटा क्लेम हासिल करने के लिए उसने चोरी की झूठी कहानी गढ़ी। वही पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने घटनास्थल पर दूसरी जेसीबी खड़ी कर दी थी, ताकि वह चोरी का 'नकली सीन' तैयार कर सके।
खल्लारी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी की साजिश को नाकाम कर दिया। मामले में पुलिस ने घटना में शामिल दोनों जेसीबी वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, पुलिस को गुमराह करने और झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।








