CG NEWS :कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ एक दंपति ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है।
पांडातराई थाना क्षेत्र का मामला
यह पूरी घटना पांडातराई थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव की है। मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी और उनकी पत्नी रीना चंद्रवंशी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जब परिजनों ने दोनों को फंदे पर लटका देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
4 साल पहले घर से भागकर की थी शादी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, रामलाल और रीना दोनों पहले से ही शादीशुदा थे। हालांकि, लगभग चार साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और वे घर से भाग गए। इसके बाद उन्होंने आपस में शादी कर ली थी और तब से साथ रह रहे थे।
वजह अब भी अनसुलझी
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को फंदे से उतारा और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों और आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
गांव में छाया सन्नाटा
इस आत्मघाती कदम से जंगलपुर गांव के लोग स्तब्ध हैं। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।







