बिलासपुर: CG News : शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित होटल महावीर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ का पर्दाफाश किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में जुआ खेला जा रहा है, जिसके आधार पर टीम ने दबिश दी।
छापेमारी के दौरान कमरा नंबर 215 से 8 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में महेश सिंह, हीरालाल पाल, अक्की जायसवाल, छोटू सिंह, संदेश मसीह, अनिल कुमार वर्मा, आकाश भोई और विशाल छाबड़ा शामिल हैं। सभी आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों, विशेषकर कस्तूरबा नगर के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने मौके से 1 लाख 44 हजार रुपये नकद और जुआ खेलने के सामान भी बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि जुआ खेलने के लिए होटल का कमरा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बुक कराया गया था, ताकि पुलिस से बचा जा सके।
मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब जांच में होटल संचालक एस.के. सिन्हा की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, होटल प्रबंधन को इस अवैध गतिविधि की पूरी जानकारी थी, जिसके चलते मैनेजर को भी आरोपी बनाया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।








