CG News : बिलासपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जिले के मस्तूरी क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को एसीबी की टीम ने खाद्य विभाग के निरीक्षक (फूड इंस्पेक्टर) श्याम वस्त्रकार को ₹90,000 की रिश्वत लेते हुए उनके निवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
क्या है पूरा मामला?
मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी 2026 को एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान को 'शैल स्व सहायता समूह' के नाम आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही थी। इस आवंटन के लिए अनुकूल जांच रिपोर्ट तैयार करने और अंतिम आदेश जारी करवाने के बदले फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की मांग की थी।
जाल बिछाकर आवास पर दी दबिश
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया। 21 फरवरी को जैसे ही प्रार्थी महेंद्र पटेल रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹90,000 लेकर आरोपी के बिलासपुर स्थित 'महावीर सिटी' आवास पर पहुँचा, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम ने आरोपी के घर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा।
भ्रष्टाचार के इस मामले में एसीबी ने आरोपी फूड इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।








