Breaking

CG News : दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, आंगनबाड़ी, जल संरक्षण एवं आवास पर दिए गए निर्देश

Chhattisgarh RRT News Desk 16 January 2026

post

CG News : रायपुर, 16 जनवरी 2026। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्र एवं राज्य शासन की विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Advertisement


बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाएं, ताकि आम नागरिकों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां सुलभ हो सकें। उन्होंने रायपुर जिले में स्वीकृत नवीन प्रधानमंत्री सड़कों की संख्या, भेजे गए प्रस्तावों एवं शेष आवश्यक सड़कों की जानकारी भी मांगी।


अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में आठ सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिनका विस्तृत विवरण बैठक में प्रस्तुत किया गया।


कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना से संबंधित समस्याओं का समाधान जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर किया जाए, जिससे नागरिकों को समय पर शुद्ध पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।


बैठक में जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में कम से कम एक ऐसे तालाब का चयन किया जाए, जिसका अधिकतम उपयोग ग्रामीणों द्वारा किया जाता है, तथा उसका सौंदर्यीकरण कराया जाए। साथ ही जिले की जल संरचनाओं के संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि जर्जर आंगनबाड़ी भवनों का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि वर्ष 2026-27 तक जिले में कोई भी आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर अथवा भवनविहीन न रहे। इसके साथ ही स्कूलों में बाउंड्रीवॉल एवं शौचालयों की मरम्मत कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी जनप्रतिनिधियों को उनके-अपने क्षेत्रों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत विकास कार्यों की नियमित जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।


आवास से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए गए कि आवासीय भूमि पर निवासरत पात्र परिवारों की भूमि को आवासीय घोषित किया जाए तथा जिन पात्र हितग्राहियों को अब तक पट्टा प्रदान नहीं किया गया है, उन्हें शीघ्र पट्टा उपलब्ध कराया जाए।


बैठक में उच्च शिक्षा एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, धरसीवां विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, एसएसपी डॉ लाल उम्मेद सिंह, निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित जिला स्तरीय अधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like!