CG News : कोरबा। भीषण गर्मी के इस मौसम में यदि आप भी बाजार में गन्ने या फलों का जूस पीकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं, तो यह खबर आपको सतर्क करने वाली है। कोरबा के प्रसिद्ध घंटाघर चौपाटी में शुक्रवार की शाम एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। यहाँ एक जूस संचालक जब ग्राहकों को सर्व करने के लिए बर्फ तोड़ रहा था, तो बर्फ की सिल्ली के भीतर एक मरा हुआ मेंढक जमा हुआ पाया गया। इसे देखते ही वहां मौजूद ग्राहकों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घंटाघर चौपाटी स्थित एक सोडा और जूस सेंटर पर शुक्रवार शाम जब संचालक ने बर्फ तोड़ी, तो पारदर्शी बर्फ के बीच में मेंढक नजर आया। घटना की जानकारी मिलते ही चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा मौके पर पहुंचे और बर्फ तोड़कर मेंढक को बाहर निकाला गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि दुकान में इस्तेमाल की जा रही यह बर्फ 'धन्नु बर्फ डिपो' से मंगवाई गई थी, जिससे अब सीधे तौर पर बर्फ फैक्ट्रियों में स्वच्छता मानकों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस गंभीर लापरवाही के बाद स्थानीय लोगों और ग्राहकों ने खाद्य विभाग एवं नगर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी विकास भगत ने कहा है कि विभाग को मामले की जानकारी मिल चुकी है। जल्द ही शहर की सभी बर्फ फैक्ट्रियों और डिपो की सघन जांच की जाएगी और मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
CG News : कोरबा की घंटाघर चौपाटी में जूस की बर्फ में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया है। धन्नु बर्फ डिपो से आई इस बर्फ की घटना के बाद खाद्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।








