CG NEWS : छत्तीसगढ़ का बिलासपुर रेलवे जोन देश के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले रेलवे जोनों में शामिल है, लेकिन यात्री सुविधाओं को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। लगातार ट्रेनों की लेटलतीफी और रद्द होने की समस्या से यात्रियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है।
जब हमारी टीम बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो यात्रियों की नाराजगी साफ दिखाई दी। लोगों ने बताया कि कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ को बिना पर्याप्त सूचना के रद्द कर दिया जाता है। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रायपुर और रायगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेनें भी समय पर नहीं चल पा रहीं। कई यात्रियों को 3 से 4 घंटे तक स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन बड़े-बड़े दावे तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। न समय पर ट्रेनें, न सही जानकारी और न ही पर्याप्त सुविधाएं। गर्मी के मौसम में हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं।
यात्रियों ने मांग की है कि ट्रेनों का संचालन समय पर किया जाए और स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं में सुधार लाया जाए, ताकि उन्हें बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब रेलवे हजारों करोड़ की कमाई कर रहा है, तो क्या यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना उसकी प्राथमिकता नहीं होनी चाहिए? क्या विकास केवल कागजों तक सीमित है या जमीन पर भी दिखाई देगा इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।







