CG News : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर निगम का वर्ष 2026-27 का बजट आज स्वर्ग लखीराम ऑडिटोरियम में पेश किया गया। महापौर पूजा विधानी ने इस बार करीब 1301 करोड़ 68 लाख 58 हजार रुपए का बजट प्रस्तुत किया, जो पिछले साल के 900 करोड़ रुपए के मुकाबले काफी बड़ा है।
इस बजट में शहर के समग्र विकास पर खास फोकस किया गया है। सड़क, पानी, आवास और सौंदर्यीकरण जैसे बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है। शहर में पिंक टॉयलेट और पिंक गार्डन बनाने की योजना है, साथ ही लोगों को सुविधा देने के लिए फ्री वाई-फाई की व्यवस्था भी की जाएगी।
बाजारों को व्यवस्थित करने के लिए स्मार्ट वेंडिंग जोन और मॉडर्न मार्केट विकसित किए जाएंगे। वहीं, 2465 नए आवासों के निर्माण का भी प्रावधान रखा गया है। शहर की प्रमुख सड़कों का निर्माण और चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण भी इस बजट का अहम हिस्सा है।
इसके अलावा, सरदार वल्लभभाई पटेल और बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है। बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जहां 30 करोड़ के कार्य जारी हैं, वहीं 60 करोड़ रुपए के नए कार्यों को मंजूरी दी गई है। 31 वार्डों के लिए 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है और गर्मी को देखते हुए पाइपलाइन विस्तार और बोर खनन पर भी जोर दिया गया है।
कुल मिलाकर, नगर निगम का यह बजट शहर को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि विपक्ष का मानना है कि पिछले बार तो यह बजट सफल रहा था लेकिन इस बार लोक लुभावना बजट में देखना होगा कि इस कितनी गति मिलती है।







