रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की। मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश कुमार शरण की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेशभर से 50 से अधिक निर्माण ठेकेदार शामिल हुए। बैठक में निर्माण परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और भुगतान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही ठेकेदारों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं पर विचार करते हुए भुगतान प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा न आए।
गृह निर्माण मंडल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अधोसंरचना विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। मंडल का उद्देश्य बेहतर समन्वय, पारदर्शी व्यवस्था और समय पर भुगतान सुनिश्चित कर निर्माण कार्यों को गति देना तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना उपलब्ध कराना है।







