CG First Panchayat Solar Plant Kunjara Jashpur: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुंजारा में प्रदेश के पहले पंचायत आधारित 280 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का किया लोकार्पण

CG First Panchayat Solar Plant Kunjara Jashpur: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुंजारा में प्रदेश के पहले पंचायत आधारित 280 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का किया लोकार्पण

Chhattisgarh 28 November 2026 (8)

post

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण करते हुए कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है जब ग्राम पंचायतों के पास विकास के लिए आय के अपने स्थायी स्रोत हों। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत स्थापित यह छत्तीसगढ़ की अपनी तरह की पहली पंचायत आधारित परियोजना है, जिससे सौर ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से ग्राम पंचायत को नियमित आय प्राप्त होगी और वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेगी।

Advertisement

​सालाना करीब 4 लाख यूनिट उत्पादन, पंचायत को मिलेगी लगभग 18.75 लाख रुपये की आय

​मुख्यमंत्री साय ने बताया कि यह सौर ऊर्जा संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन करेगा, जिसे सीधे विद्युत ग्रिड में प्रवाहित किया जाएगा और वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की विद्युत खपत से समायोजित किया जाएगा। इस व्यवस्था से ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा, जिससे सालाना अनुमानित 18.75 लाख रुपये की आय होगी जिसका उपयोग ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर गांव की जरूरतों, अधोसंरचना निर्माण और स्थानीय विकास कार्यों में किया जा सकेगा।

​सीसी सड़क, दो सामुदायिक भवनों की घोषणा और सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील

​कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, श्री टोली में सामुदायिक भवन और कुंजारा में शिव मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की तथा ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उल्लेखनीय है कि क्रेडा द्वारा स्थापित इस संयंत्र के संचालन व लाभांश वितरण के लिए विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किया गया है, जबकि लोकार्पण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक रोहित साय, उपेंद्र यादव, सरपंच, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह और सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित थे।

You might also like!