Breaking

शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन: अटैचमेंट के खेल पर रायपुर समेत 4 जिलों के DEO को 'कारण बताओ नोटिस

Chhattisgarh 31 May 2026 (21)

post

CG News- छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में स्थानांतरण और संलग्नीकरण (अटैचमेंट) पर राज्य शासन की सख्त पाबंदी के बावजूद नियमों को ताक पर रखने का एक बड़ा मामला सामने आया है। शासन के स्पष्ट आदेशों की खुली अवहेलना करने के आरोप में राज्य सरकार ने रायपुर समेत चार जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को कड़ा रुख अपनाते हुए 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया है। इस कार्रवाई के बाद से पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

Advertisement

दरअसल, राज्य सरकार ने जून 2025 में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संलग्नीकरण (अटैचमेंट) की व्यवस्था को पूरी तरह से समाप्त करने का आदेश जारी किया था। इस नीति का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि शिक्षक केवल स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने का काम करें। इसके बावजूद, रायपुर सहित चार जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों ने शासन की इस नीति को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। इन अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने मनमाने ढंग से नियमों का उल्लंघन करते हुए कई शिक्षकों और प्राचार्यों को विभिन्न प्रशासनिक पदों और कार्यालयों में अटैच कर रखा था।

विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों और जांच में पुष्टि होने के बाद, शासन ने इसे प्रशासनिक अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना है। संबंधित चारों जिलों के डीईओ को नोटिस जारी कर तय समय सीमा के भीतर इस मनमानी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब संतोषजनक न होने पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और विभागीय कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। शासन ने एक बार फिर कड़े शब्दों में दोहराया है कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर पारदर्शिता से समझौता नहीं किया जाएगा।

You might also like!