CG News- छत्तीसगढ़ के सियासी और सामाजिक इतिहास में पहली बार एक बेहद अनोखा और दिल जीत लेने वाला नजारा देखने को मिला है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) अरुण साव एक विवाह समारोह में बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू की बारात में न सिर्फ शामिल हुए, बल्कि वे खुद बैलगाड़ी हांककर दूल्हे राजा के 'सारथी' बने। पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में सजी इस बैलगाड़ी पर सवार होकर जब डिप्टी सीएम और विधायक दूल्हा बारात लेकर निकले, तो देखने वालों का तांता लग गया। इस अनूठे वीआईपी मूवमेंट की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
दरअसल, बेमेतरा में शासन की ओर से 'मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना' के तहत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस आयोजन को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बनाने के लिए बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने एक बड़ा और सराहनीय फैसला लिया। उन्होंने किसी आलीशान या शाही रिसॉर्ट के बजाय इसी सामूहिक विवाह सम्मेलन में आम जनमानस के साथ परिणय सूत्र में बंधने का निर्णय लिया। विधायक के इस सादगी भरे कदम की देश और प्रदेश भर में जमकर तारीफ हो रही है, जिसने फिजूलखर्ची को छोड़कर समाज को एक बड़ा संदेश दिया है।
इस अनूठे विवाह के साक्षी बनने और विधायक दीपेश साहू का हौसला बढ़ाने के लिए डिप्टी सीएम अरुण साव विशेष रूप से बेमेतरा पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने खुद बैलगाड़ी की कमान संभाली और दूल्हे को विवाह मंडप तक लेकर गए। सामूहिक विवाह सम्मेलन में पहुंचकर डिप्टी सीएम ने विधायक दीपेश साहू और उनकी जीवनसंगिनी के साथ-साथ वहां परिणय सूत्र में बंधे सभी नवदंपतियों को अपनी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि जन प्रतिनिधि सही मायनों में जनता के बीच रहकर ही मिसाल पेश करते हैं।





