CG Crime : बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कॉलोनी इन दिनों चोरों के निशाने पर है, जहाँ बीते 48 घंटों के भीतर सिलसिलेवार ढंग से हुई तीन बड़ी चोरियों ने पुलिसिया सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। चोरों ने बेखौफ होकर 21 अप्रैल को रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित एक क्वार्टर में दिनदहाड़े धावा बोलकर नकद, सोने की अंगूठी और सीसीटीवी डीवीआर समेत करीब 33 हजार रुपए का सामान पार कर दिया, वहीं कंस्ट्रक्शन कॉलोनी में एक सूने मकान का ताला तोड़कर आलमारी व लॉकर से 1.10 लाख नकद और चांदी के जेवरात सहित कुल 1.30 लाख रुपए की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। इन लगातार वारदातों से संवेदनशील रेलवे कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच भारी दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त के अभाव और सुस्त कार्यप्रणाली के कारण ही अपराधी इतने सक्रिय हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे खाकी की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले में एएसपी पंकज पटेल का कहना है कि पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल बेखौफ चोरों ने तारबाहर पुलिस की नींद उड़ा रखी है और पूरी कॉलोनी असुरक्षा के साये में जीने को मजबूर है।




_m.webp)


