Breaking

CG Crime : करोड़ों का सट्टा और लग्जरी कार जब्त; सरगना राहुल छाबड़ा समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh RRT News Desk 01 May 2026

post

CG Crime : बिलासपुर की सकरी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने आईपीएल क्रिकेट और ऑनलाइन लूडो के जरिए सट्टा खिलाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह को दबोचने में सफलता हासिल की है। 'ओम स्पेस कॉलोनी' में दबिश देकर पुलिस ने गिरोह के सरगना राहुल छाबड़ा सहित मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 21 मोबाइल, 3 लैपटॉप और एक क्रेटा कार सहित करोड़ों रुपये के सट्टे का हिसाब बरामद किया गया है।

Advertisement


बिलासपुर पुलिस द्वारा सट्टेबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सकरी पुलिस को बीट सिस्टम और तकनीकी सहायता से इस गिरोह की सूचना मिली थी। पुलिस ने 29 अप्रैल 2026 को सकरी स्थित एक कॉलोनी में छापेमारी की, जहां ऑनलाइन माध्यम से बड़े पैमाने पर सट्टा संचालित किया जा रहा था। गिरोह का मुख्य सरगना राहुल छाबड़ा, जो पहले भी सट्टेबाजी के मामलों में पकड़ा जा चुका है, दूसरे राज्यों के सट्टेबाजों के संपर्क में रहकर इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में सागर, बालाघाट और कटनी के शातिर सट्टेबाज शामिल हैं, जो बिलासपुर को अपना ठिकाना बनाकर संगठित रूप से अपराध को अंजाम दे रहे थे।


 पुलिस की इस कार्रवाई में भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण और वित्तीय दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन के विश्लेषण से 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टे के लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके से 21 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 13 एटीएम कार्ड, 8 पासबुक और एक मध्य प्रदेश पासिंग की क्रेटा कार जब्त की है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों की सघन जांच कर रही है ताकि अन्य राज्यों में फैले इनके सहयोगियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

You might also like!