Breaking

CG CRIME : अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़: 21 मोटरसाइकिलें बरामद, मुख्य सरगना सहित 10 गिरफ्तार

Chhattisgarh 05 April 2026 (39)

post

CG CRIME : रायगढ़। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर सेल और पूंजीपथरा थाना की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई में चोरी की 21 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी शिव नागवंशी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Advertisement


पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े चोरी की बाइक खरीदने वाले 9 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। बरामद मोटरसाइकिलों की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।


यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लैलूंगा क्षेत्र के रहने वाले सुखदेव चौहान और शिव नागवंशी पूंजीपथरा, धरमजयगढ़ और ओडिशा के भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें कम कीमत में बेच रहे हैं।


सूचना के आधार पर पुलिस ने सुखदेव चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। उसने बताया कि वह और उसका साथी साधारण औजारों जैसे पेचकस की मदद से बाइक का लॉक तोड़कर चोरी करते थे। चोरी के बाद वे बाइक को सुनसान जगहों पर छिपा देते और फिर सस्ते दामों में बेच देते थे।


पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 14 मोटरसाइकिल खरीदारों से और 7 मोटरसाइकिल आरोपी के कब्जे से बरामद की। जांच में सामने आया कि सुखदेव चौहान ने चोरी की बाइक कार्तिक राम डूंगडूंग, रामकुमार वैष्णव, केशव यादव, भोजराम पैकरा, जगदीश पैंकरा, शिवचरण चौहान, सुखचरण चौहान, अमित कुमार नागवंशी और शिवप्रसाद विश्वकर्मा को बेची थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं।


इसके अलावा आरोपी द्वारा अपने बाड़ी में छिपाकर रखी गई 7 अन्य मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

You might also like!