CG CRIME : बस्तर पुलिस ने साइबर फ्रॉड के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए ठग गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जानकारी जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
एसपी ने बताया कि नगरनार थाना क्षेत्र में बीते अप्रैल माह में कमलोचन कश्यप नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक कथित इंश्योरेंस कंपनी में उन्होंने करीब 20 लाख रुपये प्रीमियम के रूप में जमा किए थे। जब पॉलिसी की परिपक्वता तिथि आने पर राशि निकालने के लिए आवेदन किया गया, तो कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और थाने में शिकायत की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी जांच और सूचनाओं के आधार पर दिल्ली से चार महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर बस्तर लाया गया है। सभी आरोपियों को पुलिस कस्टडी में लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस्तर पुलिस द्वारा लगातार साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या निवेश योजना पर भरोसा करने से पहले पूरी जानकारी जरूर लें।








