CG Crime : रायगढ़ में पुलिस ने एक संगठित आपराधिक गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए मोबाइल दुकान चोरी और बैंकों में लूट के प्रयासों में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में किया गया। पकड़े गए आरोपियों में 5 युवक और एक नाबालिग शामिल है, जबकि गिरोह का सरगना मोहम्मद अरसलान बताया गया है।
मामले की शुरुआत फरवरी में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी से हुई थी। इसके बाद मार्च महीने में धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लूट के असफल प्रयास सामने आए। लगातार मिलते-जुलते पैटर्न को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले अरसलान को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सभी वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह पहले रेकी कर सड़क किनारे दुकानों और बैंकों को निशाना बनाता था। मोबाइल दुकान से चोरी के बाद सामान जंगल में छिपाया गया था और बाद में बेचने की योजना थी। बैंक लूट के प्रयासों में आरोपी सीसीटीवी सिस्टम तक उखाड़ ले गए थे ताकि सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चारपहिया वाहन, 60 मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल 26.47 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में संगठित अपराध किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








