सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अपने सूरजपुर प्रवास के दौरान नवनिर्मित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सभी पार्षदों को जीत की बधाई दी और उनसे जनसेवा तथा विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित होकर काम करने का आह्वान किया। इस ऐतिहासिक मौके को और खास बनाते हुए मुख्यमंत्री ने शिवनंदनपुर के वार्ड क्रमांक 06 में एक सुसज्जित 'मंगल भवन' के निर्माण की बड़ी घोषणा की, जिससे क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना यहाँ की जनता की वर्षों पुरानी मांग और आकांक्षा की पूर्ति है। इससे इस पूरे क्षेत्र में सुनियोजित नगरीय विकास (अर्बन डेवलपमेंट) का रास्ता साफ होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुनकर भेजा है, उस पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से बिजली, पानी, सड़क और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए पूरी निष्ठा से जुटने को कहा।
सरकारी स्टॉलों का मुआयना और हितग्राहियों को बड़ी राहत
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए विकास और जागरूकता स्टॉलों की प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कई जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया:
प्रधानमंत्री आवास योजना: मुख्यमंत्री ने 3 हितग्राहियों को उनके अपने पक्के नए मकान की चाबियां सौंपी।
समाज कल्याण विभाग: 2 दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी सहूलियत के लिए ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।
बाल विकास विभाग: कार्यक्रम में 3 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और 2 नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार मुख्यमंत्री के हाथों संपन्न हुआ। साथ ही उन्होंने महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं से बात कर फीडबैक लिया।
मत्स्य पालन और स्वास्थ्य: फुटकर मछली बिक्री के लिए भारती केवट और तपेश्वरी राजवाड़े को आइस बॉक्स के साथ ₹6-6 हजार की सहायता राशि दी गई। इसके अलावा बुजुर्ग हितग्राही अमरूत को 'वय वंदन कार्ड' और कई नागरिकों को 'आयुष्मान कार्ड' बांटे गए।
इस दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने भी सभा को संबोधित करते हुए शिवनंदनपुर के विकास के लिए मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का आभार जताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद चिंतामणि महाराज, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा और कलेक्टर रेना जमील समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद थे।







