कवर्धा/रायपुर, 4 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध शिकार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन्यजीव अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कवर्धा परियोजना मंडल ने नर चीतल के अवैध शिकार के मामले का पर्दाफाश किया है।
इस मामले में वन विकास निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, मांस पकाते धरे गए शिकारी
यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के बोड़ला परियोजना परिक्षेत्र अंतर्गत भलपहरी बीट के जंगलों का है। जानकारी के अनुसार, शिकारियों ने जंगल के भीतर नायलॉन की रस्सी और स्टील के तारों का जाल बिछाकर लगभग तीन वर्ष के एक नर चीतल का अवैध शिकार किया था।
चीतल को मारने के बाद आरोपी जंगल में ही उसका मांस पकाकर आपस में बांटने की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच मुखबिर से वन विकास निगम की टीम को इसकी सटीक सूचना मिल गई। सूचना मिलते ही वन अमले ने योजनाबद्ध तरीके से जंगल की घेराबंदी की और दबिश देकर सातों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
शिकार में प्रयुक्त हथियार और फंदे जब्त
वन्यप्राणी को मारने और साक्ष्य छुपाने के मामले में टीम ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है, जिसमें शामिल हैं:
लगभग 500 ग्राम पका हुआ चीतल का मांस।
शिकार में इस्तेमाल की गई नायलॉन की रस्सी।
तीन धारदार कुल्हाड़ियां।
स्टील के तार और लकड़ी से बने फंदे।
घटना स्थल से मिला खून से सना हुआ थैला।
पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
शिकारियों को वन मंत्री की दोटूक: बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी
राज्य में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्राकृतिक संपदा और मूक पशुओं को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे वन्यजीवों के संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं और शिकार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।

.webp)





